छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग: भिलाई में थार का खौफनाक कहर! गलत साइड से आई स्पीडिंग कार ने बुजुर्ग की ली जान

80 वर्षीय ईश्वर राव की मौके पर ही मौत, गाड़ी पर पहले भी कटे थे चालान – लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में तेज रफ्तार थार गाड़ी ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। हादसा भिलाई-3 क्षेत्र में पूर्व सीएम हाउस के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। 80 वर्षीय ईश्वर राव जब सड़क पार कर रहे थे, तभी गलत साइड से आ रही थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ईश्वर राव दूर जाकर गिर पड़े और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत रायपुर एम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय थार की रफ्तार बेकाबू थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। जांच में पता चला है कि CG 04 PX 6888 नंबर की थार पर पहले भी दो बार ओवरस्पीडिंग के चालान कट चुके थे, इसके बावजूद कड़ी कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि समय रहते सख्ती बरती जाती तो यह हादसा टल सकता था।

पुलिस ने थार गाड़ी जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ट्रैफिक विभाग ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस खतरनाक इलाके में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, साथ ही ओवरस्पीडिंग करने वालों पर विशेष अभियान चलाया जाए। इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कब सख्ती से होगा।

Related Articles

Back to top button