छत्तीसगढ़

शाम को खेलने निकला 9वीं का छात्र… सुबह जंगल में मिली लाश, चेहरे पर पत्थर से हमला; इलाके में सनसनी

CG Crime News: अंबिकापुर में 9वीं के छात्र की हत्या, जंगल में मिला शव; चेहरे पर पत्थर से हमले के निशान

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्र का शव शुक्रवार सुबह जंगल में मिला, जिसके चेहरे पर भारी पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

शाम को खेलने निकला, फिर घर नहीं लौटा

यह मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सलका निवासी वीरेंद्र कंवर (15 वर्ष) गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

योग करने पहुंचे लोगों ने देखा शव

शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में योग करने पहुंचे लोगों की नजर एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचला हुआ पाया गया। उसके पैर में भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच में पता चला कि वीरेंद्र कंवर सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था।

हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button