CG Crime: लौकी नहीं छिलने पर छोटी बहन ने बड़ी बहन की हत्या, कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
रायगढ़ में घरेलू झगड़े में बदल गया खौफनाक हादसा। लोहे के खलबट्टे से वार कर बड़ी बहन को मारने वाली छोटी बहन को अदालत ने आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से घर के अंदर हुई दिल दहला देने वाली हत्या की खबर सामने आई है। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के जिंदल रोड पतरापाली निवासी दिनदयाल महतो की बड़ी बेटी रंजिता कुमारी की हत्या उसकी छोटी बहन नेहा कुमारी महतो ने कर दी।
पुलिस के अनुसार, रंजिता घर में सिलाई का काम करती थी और नेहा घरेलू और रसोई का काम संभालती थी। छोटी-छोटी बातों पर दोनों बहनों के बीच वाद-विवाद और मारपीट होती रहती थी।
24 अप्रैल 2024 की रात, नेहा ने अपनी बड़ी बहन रंजिता को लौकी छिलने और खाना बनाने के लिए कहा, जिसे रंजिता ने मना कर दिया। गुस्से में नेहा ने रसोई में रखे लोहे के खलबट्टे से रंजिता के सिर पर दो बार वार किया। इसके बाद उसने मृतका को कंबल में ढककर लाईट बंद कर दी।
अगले दिन पिता को पता चला कि रंजिता की मौत हो चुकी है। मृतका के पिता ने कोतरा रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज किया और नेहा से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार जैन की अदालत ने आज नेहा कुमारी महतो को हत्या का दोषी करार देते हुए उसे आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई। लोक अभियोजक पीएन गुप्ता ने मामले की पैरवी की।
यह घटना घरेलू झगड़ों के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है और इलाके में लोगों में भारी शोक और सनसनी फैल गई है।




