छत्तीसगढ़

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज! 28 जिलों में अलर्ट, इन इलाकों में भारी बारिश और बिजली का खतरा

Chhattisgarh Weather News: बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रायपुर समेत प्रदेश के 28 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की फुहार पड़ रही है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

28 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई जगह आकाशीय बिजली का खतरा

मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के दौरान कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई जिले शामिल हैं।

रायपुर में कैसा रहेगा आज मौसम?

राजधानी रायपुर में मंगलवार को भी बारिश की संभावना बनी हुई है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की फुहार जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। लगातार बारिश और बादलों के कारण राजधानी में गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है।

कोरबा में 17 सेमी बारिश, कई इलाकों में झमाझम

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश हुई।

इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी और डौंडीलोहारा में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर शहर, रायपुर, ओडगी, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी बारिश हुई।

कुमरदा, बागबाहरा, जनकपुर भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी बारिश हुई।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ा रहा बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना अवदाब धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इसके अगले 24 घंटों में पहले उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के गंगा के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ सकता है।

इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

नदी-नालों का बढ़ रहा जलस्तर, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

खासकर आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी जलभराव की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है और आने वाले घंटों में कई जिलों में मौसम और सक्रिय हो सकता है।

Related Articles

Back to top button