छत्तीसगढ़

CG Weather: अभी थमी नहीं बारिश की आफत! 3 दिन बाद फिर बदलेगा मौसम, 10 से ज्यादा जिलों में अलर्ट

Raipur News: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के बीच एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में फिलहाल बारिश जारी है, हालांकि कुछ इलाकों में इसकी गतिविधि कम हुई है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, करीब तीन दिन बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं मंगलवार को भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, कोंडागांव, बलरामपुर, सूरजपुर और जशपुर समेत 10 से ज्यादा जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश के दौरान लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

सक्ती में 712.9 मिमी बारिश

सक्ती जिले में 1 जून से 10 अगस्त 2026 तक 712.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 1.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

तहसीलवार आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में मालखरौदा में 842.9 मिमी, चंद्रपुर में 822.7 मिमी, नया बाराद्वार में 801.5 मिमी और डभरा में 739.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मुंगेली में 10 साल के औसत से ज्यादा बारिश

मुंगेली जिले में भी इस मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। 1 जून से 10 अगस्त तक जिले में औसतन 699.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 597.6 मिलीमीटर रही है।

तहसीलवार आंकड़ों में मुंगेली में 801.2 मिमी, लोरमी में 785.7 मिमी, लालपुर में 778.8 मिमी और पथरिया में 775.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मुंगेली में अब तक हुई बारिश पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा के मुकाबले करीब 150 प्रतिशत तक पहुंच गई है। लोरमी में यह आंकड़ा 144.3 प्रतिशत और लालपुर में 147.3 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

कोरबा में भी जारी है बारिश

कोरबा जिले में 1 जून से अब तक 664.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में दर्री में 782.8 मिमी, दीपका में 750.5 मिमी, कोरबा में 717.8 मिमी और पाली में 718 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 5.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

तीन दिन बाद फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

फिलहाल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी जरूर आई है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन बाद फिर से बारिश का दौर तेज हो सकता है

ऐसे में जिन जिलों में पहले से ही सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है, वहां आने वाले दिनों में प्रशासन और लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। खासकर निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा।

Related Articles

Back to top button