“केरल में बदलाव तय है…” तिरुवनंतपुरम में पीएम मोदी की हुंकार, वामपंथी किले में BJP का बड़ा दांव—NDA को मिला नया सियासी साथी

मोदी की गर्जना, नई ट्रेनों की सौगात और Twenty20 की एंट्री से केरल की राजनीति में मचा भूचाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहे, लेकिन सबसे ज्यादा सियासी गर्मी दिखी तिरुवनंतपुरम में। यहां विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए पीएम मोदी ने न सिर्फ नई योजनाओं का ऐलान किया, बल्कि वामपंथी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए साफ शब्दों में कहा—
“केरल में बदलाव होकर रहेगा।”
इस एक बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया और एक लाख लाभार्थियों को लोन वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और त्रिशूर–गुरुवायूर पैसेंजर ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर विकास का बड़ा संदेश दिया।
तीन अमृत भारत ट्रेनें रवाना, केरल को मिला रेल कनेक्टिविटी का तोहफा
प्रधानमंत्री ने
-
नागरकोइल–मंगलुरु,
-
तिरुवनंतपुरम–तंबरम,
-
तिरुवनंतपुरम–चारलापल्ली
मार्गों पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना किया।
इसके अलावा त्रिशूर और गुरुवायूर के बीच नई पैसेंजर ट्रेन सेवा भी शुरू हुई, जिससे लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
“क्या केरल में भी चलेगा गुजरात मॉडल?”
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि 1987 से पहले वहां भी बीजेपी हाशिए पर थी, लेकिन जनता ने भरोसा जताया और आज गुजरात विकास का मॉडल बन चुका है।
उन्होंने कहा कि जैसे गुजरात में शुरुआत एक शहर से हुई, वैसे ही केरल में भी बीजेपी ने तिरुवनंतपुरम से मजबूत कदम रखा है।
मोदी का यह बयान साफ संकेत देता है कि बीजेपी अब केरल में लंबी सियासी पारी की तैयारी में है।
वामपंथी गढ़ में सेंध! Twenty20 पार्टी NDA में शामिल
इधर केरल की राजनीति में एक और बड़ा सियासी धमाका हुआ।
कॉरपोरेट समर्थित क्षेत्रीय पार्टी Twenty20 ने विधानसभा चुनावों से पहले NDA से हाथ मिला लिया।
तिरुवनंतपुरम में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने Twenty20 प्रमुख साबू एम. जैकब का गठबंधन में स्वागत किया।
साबू जैकब ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान बने माहौल ने पार्टी को सोचने पर मजबूर कर दिया।
उनका दावा है कि Twenty20 की विकास सोच पीएम मोदी के विजन से मेल खाती है, और अस्तित्व की लड़ाई में NDA सबसे मजबूत विकल्प बनकर सामने आया।
“एलडीएफ-यूडीएफ ने केरल को जकड़ रखा है”
जैकब ने आरोप लगाया कि एलडीएफ-यूडीएफ की द्विध्रुवीय राजनीति केरल के विकास में सबसे बड़ी बाधा है।
भ्रष्टाचार और घोटालों के चलते पढ़े-लिखे युवा राज्य छोड़ने को मजबूर हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि एलडीएफ सरकार की नीतियों के कारण उन्हें अपना गारमेंट व्यवसाय आंशिक रूप से तेलंगाना शिफ्ट करना पड़ा, जहां 50,000 लोगों को रोजगार मिला।
बीजेपी का दावा: गठबंधन से बदलेगा चुनावी गणित
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि Twenty20 के NDA में शामिल होने से गठबंधन का विस्तार तेज होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि साबू जैकब पीएम मोदी के तिरुवनंतपुरम कार्यक्रम में मंच साझा करेंगे, जिसे बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
NDA की तैयारी तेज, चुनाव से पहले बढ़ेगी हलचल
Twenty20 से पहले जनाधिपत्य संरक्षण समिति (JSS) के एक धड़े ने भी NDA में शामिल होने की घोषणा की थी।
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह साफ है कि बीजेपी और NDA अब केरल में निर्णायक मुकाबले की तैयारी में जुट चुके हैं।


