छत्तीसगढ़

सुबह का धुआं बना खौफनाक मंजर, रायपुर की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी ऐसी आग कि पूरा गोदाम निगल गई लपटें

सड्डू इलाके में मची अफरा-तफरी, 5 दमकल गाड़ियां जूझ रहीं आग से, मौके पर पहुंचे पत्रकारों के साथ बदसलूकी ने बढ़ाया तनाव

रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गुरुवार सुबह एक भयावह घटना सामने आई, जहां सड्डू इलाके में स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते यह आग इतनी विकराल हो गई कि पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के घने गुबार और तेज लपटों ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

कुछ ही मिनटों में बेकाबू हुई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्लास्टिक सामग्री के कारण आग ने और भयावह रूप ले लिया और पूरा गोदाम जलता हुआ दिखाई देने लगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर, जंग जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और तुरंत टीमें मौके पर पहुंचीं। अब तक 5 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि अतिरिक्त संसाधन भी बुलाए जा रहे हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।

रिपोर्टिंग करने पहुंचे पत्रकारों से बदसलूकी
घटना की कवरेज के दौरान एक और विवाद खड़ा हो गया। मौके पर पहुंचे पत्रकारों को फैक्ट्री परिसर में जाने से रोक दिया गया और उनके साथ बदसलूकी की गई। वीडियो जर्नलिस्ट को कैमरा चलाने से भी रोका गया, जिससे पत्रकारों में नाराजगी और आक्रोश फैल गया।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
यह घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल इस बात की जांच शुरू कर दी गई है कि आखिर इतनी भीषण आग लगी कैसे।

इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं इलाके के लोगों में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button