छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: चार पत्नियों वाले शिक्षक ने दूसरी पत्नी की गला रेतकर की हत्या, गिरफ्तार

रायपुर/ओरछा। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक शिक्षक रूपसिंह उसेंडी ने अपनी दूसरी पत्नी सुंदरी उसेंडी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना शनिवार शाम लगभग 5 बजे ओरछा थाना क्षेत्र में हुई, जब मृतका अपनी बेटी के साथ मायके से लौट रही थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिक्षक ने अपनी पत्नी को जबगुड़ा से ओरछा लौटते वक्त रास्ते में रोका और अपने भाई के साथ मिलकर पहले उससे मारपीट की, फिर हत्या कर दी। वारदात से पहले उसने अपनी 12 वर्षीय बेटी सुमित्रा को मौके से भाग जाने को कहा। सुंदरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका शव पोस्टमार्टम के लिए ओरछा अस्पताल भेजा गया।

चार पत्नियां, एक विवादित रिश्ता और बढ़ता तनाव

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रूपसिंह उसेंडी की चार पत्नियां हैं। वह हाल ही में एक विधवा महिला के साथ रह रहा था, जिससे नाराज़ होकर सुंदरी उससे झगड़ रही थी। इसी पारिवारिक तनाव से परेशान होकर आरोपी ने यह कदम उठाया। बताया गया कि मृतका कुछ समय से आरोपी से अलग रह रही थी।

पहले भी दर्ज था प्रताड़ना का मामला

मृतका सुंदरी उसेंडी ने पहले भी आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। न्यायालय ने शिक्षक को प्रत्येक माह 10,000 रुपये गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था। बावजूद इसके आरोपी शिक्षक ने पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए यह क्रूरतम रास्ता चुना।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी ने कबूला जुर्म

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी से फोन पर संपर्क किया, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शिक्षक के परिवारिक इतिहास व अन्य पत्नियों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button