कोरबा में रफ्तार का कहर! आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, 5 साल का मासूम समेत 4 घायल
बुधवारी बाईपास पर दर्दनाक टक्कर, दो की हालत गंभीर… अतिक्रमण और तेज रफ्तार पर उठे सवाल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक पांच वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
🌙 रात 8 बजे गूंजी टक्कर की आवाज
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास हुआ। एक तेज रफ्तार बाइक बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। वहीं दूसरी बाइक टीपी नगर की दिशा से आ रही थी, जिस पर पति-पत्नी और उनका पांच साल का बच्चा सवार था।
दोनों बाइकों के बीच अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी सवार सड़क पर जा गिरे।
🏥 मासूम गंभीर, मां के सिर पर चोट
हादसे में पांच वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसकी मां के सिर पर गहरी चोट बताई जा रही है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
👮 पुलिस जांच में जुटी
चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े चारपहिया वाहनों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण से यातायात बाधित रहता है। तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश अक्सर हादसों की वजह बनती है।

