फेल नहीं होंगे बच्चे! 5वीं-8वीं की परीक्षा से पहले सरकार का बड़ा ऐलान
सप्लीमेंट्री का मौका भी मिलेगा, फिर भी पास नहीं हुए तो सीधे अगली कक्षा में प्रवेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 5वीं और 8वीं कक्षा के लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। वार्षिक परीक्षा का टाइम टेबल जारी होते ही स्कूल शिक्षा विभाग ने ऐसा फैसला लिया है, जिससे अभिभावकों की चिंता काफी हद तक कम हो गई है।
जारी समय-सारणी के अनुसार 5वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा 16 मार्च से शुरू होगी, जबकि 8वीं कक्षा की परीक्षा 17 मार्च से आयोजित की जाएगी। दोनों परीक्षाएं सुबह 9 बजे से प्रारंभ होंगी। लेकिन परीक्षा से पहले ही विभाग ने साफ कर दिया है कि इस साल किसी भी बच्चे को फेल नहीं किया जाएगा।
सप्लीमेंट्री का मिलेगा मौका
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई छात्र मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाता है, तो उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, यदि छात्र सप्लीमेंट्री में भी सफल नहीं हो पाता, तब भी उसे अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
केंद्रीकृत परीक्षा का पहला साल
गौरतलब है कि इसी सत्र से प्रदेश में 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा आयोजित की जा रही है। साय कैबिनेट के फैसले के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि केंद्रीकृत परीक्षा के इस नए सिस्टम में छात्रों का प्रदर्शन कैसा रहता है, लेकिन फिलहाल सरकार के इस फैसले ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत जरूर दी है।

