छत्तीसगढ़

‘अविश्वास नहीं, जनता के जनादेश का अपमान!’ विधानसभा में CM विष्णुदेव साय का विपक्ष पर जोरदार पलटवार

अविश्वास प्रस्ताव पर बोले मुख्यमंत्री— 3 करोड़ जनता ने दिया भरोसा, किसानों, महिलाओं और विकास कार्यों का गिनाया रिपोर्ट कार्ड।

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के विश्वास और जनादेश का अपमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देकर अपना भरोसा जताया है, ऐसे में विपक्ष का यह कदम जनता के फैसले पर सवाल उठाने जैसा है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कांग्रेस का अविश्वास किस पर है? क्या उन करीब 25 लाख किसानों पर, जिन्हें सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया, या उन 70 लाख से अधिक महिलाओं पर जिन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की सम्मान राशि मिल रही है? उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पांच वर्षों तक मौका दिया, लेकिन उसके प्रदर्शन को देखते हुए सत्ता से बाहर कर दिया।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आते ही चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया। किसानों को दो वर्षों का लंबित बोनस देते हुए 3716 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया और सिंचाई क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रतिवर्ष लगभग 19,500 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता बढ़ी है, जबकि पिछली सरकार के समय यह औसतन 9,600 हेक्टेयर थी। साथ ही दो वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

महिलाओं और ग्रामीण विकास पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। वहीं प्रदेश में 10.40 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन को बढ़ावा देने के लिए रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टाम्प शुल्क में 1 प्रतिशत की छूट भी दी गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने के लिए मनरेगा के साथ अन्य योजनाओं को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है और डिजिटल पंचायत सुविधा केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को गांव में ही कई सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कांग्रेस पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर वित्तीय अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार ने बिना बजट प्रावधान के कई घोषणाएं कीं और राज्य की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल सुधारों के जरिए वाणिज्यिक कर, आबकारी, पंजीयन और खनिज राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई आय का उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं और अधोसंरचना विकास में किया जा रहा है।

‘जनता का भरोसा ही सबसे बड़ी ताकत’

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा सरकार घोषणाओं की नहीं, बल्कि परिणाम देने की राजनीति करती है। सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता का भरोसा ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और उसी के सामने विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव टिक नहीं पाएगा।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button