कोरिया के ‘रेत युद्ध’ पर सीएम साय का बड़ा ऐलान! दो मौतों से दहला प्रदेश, बोले- दोषियों के लिए नहीं बचेगी कोई राह
रेत उत्खनन विवाद में भाजपा नेता समेत दो की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने दिखाई सख्ती, जांच तेज, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत

रायपुर। कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए खूनी संघर्ष ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके करीबी रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार की मौत के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बेहद गंभीर हो गया है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़े कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। जांच के आधार पर जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मंगलवार को कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच शुरू हुआ विवाद देर रात भयावह हिंसा में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। वाहन में मौजूद भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार जिंदा जल गए, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस सनसनीखेज वारदात में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अंबिकापुर अस्पताल में उपचार जारी है। घायलों में योगेन्द्र सिंह की हालत में कुछ सुधार बताया जा रहा है और वह बयान देने की स्थिति में हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर से सूरजपुर दौरे के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा के दौरान इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूरजपुर में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। साथ ही गरियाबंद जिले में लगभग 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा।
वहीं चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
आगामी विधानसभा सत्र को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है और वह अपना राजनीतिक दायित्व निभाएगा, जबकि सरकार जनता के हित में कार्य करती रहेगी।
कोरिया की इस दोहरी हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रेत के कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर इतनी भयावह हिंसा तक कैसे पहुंचा, इसकी परतें अब पुलिस जांच में खुलेंगी। पूरे प्रदेश की नजर इस मामले में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


