रंगों में दिखा बच्चों का ‘सपनों का भारत’, भाषणों ने भी जगाई उम्मीद; सामने आई नई पीढ़ी की सोच
नारायणपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, वन मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों की प्रतिभा को सराहा और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर दिया जोर

नारायणपुर, 19 सितंबर 2026। किसी ने रंगों के जरिए स्वच्छ और सुंदर भारत की तस्वीर उकेरी, तो किसी ने विकसित राष्ट्र का सपना कागज पर उतार दिया। किसी विद्यार्थी ने नशामुक्त समाज की जरूरत बताई, तो किसी ने देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। नारायणपुर के बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने सभी का ध्यान खींचा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
रंगों में उभरी विकसित भारत की तस्वीर
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की बनाई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने विकसित भारत, स्वच्छ भारत, नशामुक्त समाज, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी कल्पनाशक्ति के माध्यम से कागज पर उतारा।
किसी चित्र में स्वच्छ और सुंदर भारत की तस्वीर नजर आई, तो किसी में आधुनिक और विकसित भारत का स्वरूप दिखाई दिया। वन मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों के चित्रों को बारीकी से देखा और उनसे उनके चित्रों के विषय एवं उद्देश्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
भाषणों में भी दिखाई दी बच्चों की सोच
चित्रकला के साथ आयोजित भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छात्र डेविड नेताम ने विकसित भारत, विद्या सोनवानी ने नशामुक्ति और सूरज पोटाई ने स्वच्छ भारत सुंदर भारत विषय पर अपने विचार रखे।
बच्चों ने अपने भाषणों के जरिए नशे के दुष्प्रभाव, स्वच्छता की आवश्यकता और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। सार्वजनिक मंच पर बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति क्षमता की अतिथियों ने सराहना की।
‘विकसित भारत’ के लिए युवाओं को जिम्मेदारी समझने की सीख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि देश के विकास की मजबूत नींव बच्चों और युवाओं से तैयार होती है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा पीढ़ी को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होना होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के माध्यम से खुद को बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं आगे बढ़ता है, तो उसका परिवार, समाज और अंततः देश भी प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता है।
मंत्री ने विद्यार्थियों से गुरुजनों के बताए रास्ते पर चलकर अपने भविष्य के साथ देश का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा और ऊर्जा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और प्रतिभा दिखाने का अवसर देने की है।
स्वच्छता और नशामुक्ति का भी दिया संदेश
केदार कश्यप ने विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत विजन 2047 को सफल बनाने के लिए युवा पीढ़ी को अभी से जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के सामने विकास के साथ कई सामाजिक चुनौतियां भी हैं, जिनका सामना शिक्षा, जागरूकता, एकता और सामूहिक प्रयासों से किया जा सकता है।
अतिथियों ने भी बढ़ाया बच्चों का हौसला
कार्यक्रम में लघु वनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम और जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
वक्ताओं ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत का भविष्य हैं। ऐसे रचनात्मक और ज्ञानवर्धक आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ देश और समाज से जुड़े विषयों पर विचार रखने का अवसर देते हैं।
बच्चों के सपनों में दिखा कैसा भारत?
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में बच्चों ने जिस भारत की कल्पना रंगों और शब्दों में प्रस्तुत की, उसमें स्वच्छता, विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम प्रमुख रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उत्साह भरने के साथ उन्हें विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित किया। वन मंत्री ने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने, गुरुजनों का सम्मान करने और अपने लक्ष्य की ओर ईमानदारी से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष मनोज जैन, कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत सीईओ चित्रकांत चाली ली ठाकुर, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, डीके कोशले, प्राचार्य मनोज कुमार बागडे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


