छत्तीसगढ़

कलेक्टर का बड़ा एक्शन! 8 तहसीलदारों को थमाया नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब

राजस्व कार्यों में लापरवाही, किसान पंजीयन और लंबित मामलों पर कलेक्टर सख्त; समय-सीमा के निर्देशों की अनदेखी पड़ी भारी।

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व कार्यों की धीमी प्रगति, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन में उदासीनता और समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने पर आठ तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें कोसीर उप तहसील के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ के तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव एवं सहायक तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा के तहसीलदार मोहन साहू, भटगांव की तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला के तहसीलदार पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ के तहसीलदार कमलेश सिदार और सरिया की तहसीलदार कोमल साहू शामिल हैं।

कलेक्टर ने संकेत दिए हैं कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने और किसानों से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button