हरियाणा में कांग्रेस का बड़ा घेराव! BJP ऑफिस तक पहुंची भीड़, पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद कई नेता हिरासत में
NEET पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, कई जिलों में उग्र प्रदर्शन से बढ़ा सियासी तापमान

चंडीगढ़: हरियाणा में बुधवार को कांग्रेस ने NEET पेपर लीक मामले, संसद मार्च में शामिल छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किया। कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए, जबकि पंचकूला में बीजेपी प्रदेश कार्यालय के घेराव की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
पंचकूला में कांग्रेस नेता संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पंचकमल स्थित बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़े। भारी पुलिस बल पहले से तैनात था, जिसने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
उधर कुरुक्षेत्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। राज्य के अन्य जिलों में भी विरोध प्रदर्शन हुए, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और कई विधायक भी शामिल हुए। शाम के समय पंचकूला में बीजेपी मुख्यालय के घेराव की कोशिश के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया और कुछ नेताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया।
गौरतलब है कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर से छात्रों ने ‘संसद चलो’ मार्च निकाला था। पुलिस ने संसद क्षेत्र के पास प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए कार्रवाई की थी, जिसमें कई छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई थी। इसी कार्रवाई के विरोध में अब विभिन्न राज्यों में राजनीतिक विरोध प्रदर्शन तेज होते दिखाई दे रहे हैं।



