छत्तीसगढ़

खैरागढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका! 10 कार्यकर्ताओं ने एक साथ थामा BJP का दामन, सियासी हलचल तेज

गातापार जंगल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बदली पार्टी; विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होने की कही बात।

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में कांग्रेस को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। ग्राम पंचायत गातापार जंगल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने की मौजूदगी में सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा।

गमछा पहनाकर किया स्वागत

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का गमछा पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठन की विचारधारा से भी नवप्रवेशी सदस्यों को अवगत कराया।

विकास कार्यों का किया जिक्र

विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी फैसले लिए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा सरकार होने से विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य चम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button