स्वास्थ्य व्यवस्था पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा! CMHO दफ्तर के बाहर हंगामा, अब स्वास्थ्य मंत्री-सीएम आवास घेरने की चेतावनी
सरकारी अस्पतालों की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, कहा- इलाज नहीं मिला तो सड़कों पर उतरेगी जनता

रायपुर। छत्तीसगढ़ की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में बड़ा प्रदर्शन किया। सीएमएचओ कार्यालय के सामने हुए इस जंगी प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह चरमराने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अस्पतालों की स्थिति नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
श्रीकुमार मेनन ने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं और आम लोगों को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जो व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से चल रही थीं, वर्तमान सरकार में वे पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि रायपुर के 70 में से 45 वार्डों में शुरू की गई हमर क्लीनिक योजना अब बदहाली का शिकार हो गई है और अधिकांश जगहों पर स्टाफ की भारी कमी है।
कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन और नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है। हमर क्लीनिकों में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों को मेकाहारा और डीकेएस अस्पताल रेफर किया जा रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज और सुविधाओं के अभाव में कई मरीज अस्पतालों के चक्कर काटते रहते हैं और कई मामलों में समय पर इलाज नहीं मिलने से जान तक चली जाती है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाने सड़कों पर उतरे हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं होता, कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी और जरूरत पड़ी तो बड़ा जनआंदोलन भी किया जाएगा।
