“रायपुर में हुई ‘खास मुलाकात’… CM साय और डिप्टी CM की मीटिंग में बना बड़ा प्लान, अब बदल जाएगी सफर की तस्वीर!”
छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के बीच बढ़ेगा तालमेल, रीवा-रायपुर हवाई सेवा से दोनों राज्यों को बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज एक अहम और खास मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शुक्ला का शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं रही, बल्कि दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में दोनों राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई गई। खास बात यह रही कि उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने बताया कि अब रीवा और रायपुर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू हो चुकी है, जिससे दोनों राज्यों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री साय के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया और कहा कि आने वाले समय में भी दोनों राज्य मिलकर साझा विकास की दिशा में काम करते रहेंगे।
गौरतलब है कि रायपुर और रीवा के बीच हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और व्यापार व आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
