क्राइमछत्तीसगढ़

बीजापुर में गौवंश तस्करी का भंडाफोड़, तेलंगाना के 7 आरोपी गिरफ्तार

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस को गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना मद्देड़ पुलिस ने तेलंगाना राज्य से आए 7 गौ-तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 83 नग गौवंशीय मवेशियों को बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने ग्राम मिनकापल्ली के जंगल मार्ग पर दबिश दी, जहां तस्कर मवेशियों को अवैध रूप से एटुनगरम (तेलंगाना) की ओर ले जा रहे थे। पकड़े गए सभी आरोपी बंजारा समुदाय से हैं और तेलंगाना के रहने वाले हैं। इनमें अरचंच ईसलावत, रमेश मुनावत, भुक्य पंतलु, भुक्या मानसिंह, जरपल्ला कमलेश, दशरथ जरपल्ला और अजमेरा रमेश शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। गवाहों की मौजूदगी में सभी 83 मवेशियों को जब्त कर लिया गया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में रिमांड पर पेश किया है। बरामद मवेशियों को एसडीएम भोपालपट्टनम के आदेशानुसार ग्राम पंचायत मद्देड़ के कांजी हाउस में सुरक्षित रखा गया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय पशु तस्करों पर बड़ी रोकथाम संभव हुई है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Related Articles

Back to top button