फोन उठाते ही खाते से उड़ गए लाखों! ‘बैंक अफसर’ बनकर ठग ने रचा ऐसा जाल, युवती को लगा बड़ा झटका
बिलासपुर में क्रेडिट कार्ड ऑफर के नाम पर साइबर ठगी, OTP साझा करते ही शुरू हुई पैसों की बरसात, कुल नुकसान पहुंचा 1.5 लाख तक

बिलासपुर। शहर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती को खुद को बैंक अधिकारी बताने वाले ठग ने ऐसा जाल बिछाया कि देखते ही देखते उसके खाते से करीब 1.5 लाख रुपये साफ हो गए। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जिसने लोगों को एक बार फिर ऑनलाइन फ्रॉड से सावधान रहने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली नाका निवासी 26 वर्षीय युवती, जो निजी नौकरी करती है, को 17 मार्च को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक का अधिकारी राकेश मित्तल बताया और उसे आकर्षक क्रेडिट कार्ड ऑफर का झांसा दिया।
ठग ने युवती को विश्वास में लेते हुए उसे पे-जैप ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा और कार्ड लिमिट सेट करने के बहाने उससे OTP साझा करने को कहा। जैसे ही युवती ने OTP बताया, उसके क्रेडिट कार्ड से लगातार ट्रांजेक्शन होने लगे।
शिकायत के मुताबिक, 16 और 17 मार्च को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए पहले 49,416 रुपये और फिर 55,593 रुपये निकाले गए। इसके बाद अन्य ट्रांजेक्शन जोड़कर कुल ठगी की रकम करीब 1.5 लाख रुपये तक पहुंच गई।
युवती को इस धोखाधड़ी का पता तब चला, जब उसके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। घबराकर उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।



