पति को मारने की धमकी, AI से बनाई फर्जी तस्वीरें… 5 लाख की वसूली का सनसनीखेज खेल, आखिरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे
दुर्ग में AI तकनीक का खतरनाक दुरुपयोग, इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला से 5 लाख रुपये की मांग; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने AI की मदद से महिला की फर्जी तस्वीरें तैयार कर उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने महिला से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर उसके पति की हत्या करने की धमकी भी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता साम्या खान ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी रविन्द्र भारती लगातार उन्हें धमकाकर 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोपी ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी तस्वीरों को एडिट किया और उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता पर अपने पति से जबरन तलाक लेने का दबाव बनाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह उनके पति की हत्या कर देगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छावनी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें धमधा निवासी रविन्द्र भारती ने AI तकनीक के जरिए फोटो एडिट कर ब्लैकमेलिंग करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह घटना AI तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति AI से बनाई गई फर्जी तस्वीरों या वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।


