अंधेरे में मौत का ट्रैप: गोबरा नवापारा में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
संकेतक नहीं होने से नहीं दिखा ट्रक, तेज रफ्तार बाइक भिड़ी पीछे से, दोनों युवकों की मौके पर ही गई जान

रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी अंधेरे में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से उनकी भीषण टक्कर हो गई।
मृतकों की पहचान डेमन साहू (40) और जितेंद्र ध्रुव (40) के रूप में हुई है, जो नवागांव के रहने वाले थे और आपस में गहरे दोस्त थे। वे शनिवार को किसी काम से गांव से बाहर गए थे और रात करीब 9:15 बजे घर लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेतक के खड़ा था और उसमें लोहे की छड़ें भरी हुई थीं। तेज रफ्तार में आ रही बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें लगीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सड़क सुरक्षा संदेश:
सड़क पर खड़े वाहनों के लिए रिफ्लेक्टर या संकेतक अनिवार्य हैं। वहीं, वाहन चालकों और दोपहिया सवारों को भी रफ्तार नियंत्रण में रखने और हेलमेट पहनने की सख्त जरूरत है। एक छोटी सी लापरवाही, दो जिंदगियों को छीन सकती है।
