छत्तीसगढ़

रायगढ़ में शान से लहराया तिरंगा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ली परेड की सलामी

शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में हुआ जिला स्तरीय समारोह, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा माहौल

रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय और देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद वित्त मंत्री ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में सुरक्षा बलों और विभिन्न टुकड़ियों की अनुशासित परेड ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।

मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया

समारोह के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। संदेश के जरिए प्रदेश की उपलब्धियों और विकास की दिशा से जुड़े विषयों को सामने रखा गया।

रंग-बिरंगे गुब्बारों से आसमान हुआ तिरंगामय

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। समारोह में रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए, जिसने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले वीरों को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button