छत्तीसगढ़

रायपुर विकास प्राधिकरण में बड़ा बदलाव! नए उपाध्यक्ष ने संभाली कमान, शहर के विकास को लेकर किए बड़े संकेत

डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने RDA के उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया, मंत्री ओ.पी. चौधरी बोले— अब विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार।

 


रायपुर।

रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने रायपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में आरडीए की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के अनुभव, प्रशासनिक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण से विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

आरडीए के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि डॉ. जय प्रकाश शर्मा का प्रशासनिक अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में लंबा कार्यकाल और सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव प्राधिकरण के लिए लाभदायक साबित होगा। उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

पदभार संभालने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप रायपुर विकास प्राधिकरण की योजनाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं और हितग्राही सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

समारोह में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button