छत्तीसगढ़

कवर्धा: मौत की घाटी बनी चिल्फी… एक जोरदार टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी, हाईवे पर पसरा खौफ

ट्रेलर-ट्रक की भिड़ंत में चालक की मौके पर मौत, ब्लैक स्पॉट पर फिर उठा सुरक्षा पर सवाल


कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की चिल्फी घाटी एक बार फिर खौफनाक हादसे की गवाह बनी, जहां रफ्तार ने एक और जिंदगी छीन ली। नेशनल हाईवे-30 पर बोड़ला के पास ट्रेलर और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। टक्कर की आवाज दूर तक गूंज गई और देखते ही देखते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, चालक को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही, ट्रैफिक बहाल करने के लिए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बोड़ला क्षेत्र में कई खतरनाक ब्लैक स्पॉट हैं, जहां आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं। बावजूद इसके, यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने अब लोगों में डर और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक ये खतरनाक मोड़ और लापरवाही लोगों की जान लेते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button