हाथियों का हाईवे पर कब्ज़ा! 17 दहाड़ते मेहमानों ने रोका रास्ता, घंटों जाम में फंसे रहे लोग
समारुमा जंगल से निकले हाथियों का दल रायगढ़-जशपुर NH पर कर रहा था मस्ती, वन विभाग अलर्ट—ड्रोन से रखी जा रही नजर

रायगढ़, 14 जुलाई 2025
रायगढ़ जिले में सोमवार को एक बार फिर प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला, जब 17 हाथियों के झुंड ने रायगढ़-जशपुर नेशनल हाईवे पर घंटों तक रास्ता रोके रखा। समारुमा जंगल से निकला यह दल बिना किसी भय के सड़क पर विचरण करता रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वन विभाग ने इस झुंड को RAIGARH HE1 नाम दिया है। इसमें 16 वयस्क हाथियों के साथ एक शावक भी शामिल है। यह दल झींगोल बीट की ओर बढ़ रहा है।
बरसात के मौसम में हाथियों की हलचल बढ़ जाती है। भोजन और खुले मैदानों की तलाश में झुंड गांवों और सड़कों की ओर निकल आते हैं। इससे फसलों को नुकसान और जनजीवन पर संकट खड़ा हो जाता है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर झुंड को जंगल की ओर लौटाने का प्रयास कर रही है।
वन विभाग के अधिकारी मानते हैं कि सीमित संसाधनों के कारण झुंडों पर नियंत्रण पाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। हालांकि ड्रोन कैमरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से विभाग हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
धर्मजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल के जंगलों में हाथियों की संख्या में हाल के दिनों में तेजी से इज़ाफा हुआ है। इनमें अब शावकों की संख्या भी बढ़ती दिख रही है, जिससे साफ है कि झुंड अब स्थायी रूप से इस क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं।

