छत्तीसगढ़

जिंदगी और मौत के बीच की दौड़ अब बदलेगी… बलौदाबाजार में उतरीं ऐसी एम्बुलेंस, जो रास्ते में ही बदल सकती हैं किस्मत

पहली बार एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एम्बुलेंस की तैनाती, गंभीर मरीजों को अब मौके पर ही मिल सकेगा इलाज


बलौदाबाजार। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ा और अहम कदम उठाया गया है, जो आने वाले समय में कई जिंदगियों को बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है। अब तक इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचने की जद्दोजहद में जो समय सबसे बड़ा दुश्मन बनता था, वही समय अब मरीजों के पक्ष में काम करता नजर आएगा।

जिले को 4 नई 108 एम्बुलेंस मिली हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा और अधिक सुदृढ़ हो गई है। बुधवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल और नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने जिला अस्पताल परिसर से इन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन एम्बुलेंस में सबसे खास बात यह है कि इनमें से एक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) सिस्टम से लैस है, जो जिले में पहली बार तैनात की गई है। यह एम्बुलेंस गंभीर मरीजों के लिए किसी चलती-फिरती आईसीयू से कम नहीं मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 4 में से 3 एम्बुलेंस बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) सिस्टम से लैस हैं, जबकि 1 एम्बुलेंस एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम से सुसज्जित है। इतना ही नहीं, जल्द ही जिले को 5 और नई एम्बुलेंस मिलने वाली हैं, जिनमें एक और ALS एम्बुलेंस शामिल होगी। इसके बाद जिले में कुल 9 नई 108 एम्बुलेंस उपलब्ध होंगी, जिनमें 2 ALS एम्बुलेंस होंगी।

इन आधुनिक एम्बुलेंस में मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक और उन्नत चिकित्सा सुविधा देने के लिए अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनमें बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाओं के साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाइजेशन और अन्य आपातकालीन उपचार की व्यवस्थाएं शामिल हैं।

गंभीर स्थिति में मरीजों के सुरक्षित ट्रांसफर के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप और लैरिंजोस्कोप जैसे उन्नत उपकरण भी इन एम्बुलेंस में उपलब्ध कराए गए हैं, जो रास्ते में ही मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

इस मौके पर एसडीएम प्रकाश कोरी, सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा और डीपीएम सृष्टि मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button