कोरबा में खाने-पीने की चीजों पर बड़ा खुलासा! जांच में फेल हुए सैंपल, ADM कोर्ट ने ठोका लाखों का जुर्माना
रेस्टोरेंट से डेयरी तक मचा हड़कंप, कई दुकानों के खिलाफ कार्रवाई, अब और बड़े नामों पर लटक रही तलवार

छत्तीसगढ़ के कोरबा में खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जिले की कई दुकानों और रेस्टोरेंट्स से लिए गए खाद्य सैंपल जांच में फेल पाए गए, जिसके बाद ADM कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकानदारों पर भारी जुर्माना लगाया है। कार्रवाई के बाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक खाद्य विभाग की जांच में कई दुकानों के खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके बाद मामले ADM कोर्ट पहुंचे, जहां सुनवाई के बाद अलग-अलग दुकानों पर 25 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया।
सबसे बड़ी कार्रवाई दर्री स्थित स्वाद रेस्टोरेंट पर हुई, जहां 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं जय कृष्ण डेली नीड्स पर 60 हजार, मुरली होटल और बीकानेर स्वीट्स पर 50-50 हजार रुपये की पेनल्टी ठोकी गई।
इसके अलावा युवराज ट्रेडर्स पर 30 हजार, श्याम स्वीट्स जेलगांव पर 25 हजार, शुभम डेयरी उरगा पर 20 हजार और सुनीता डेयरी उरगा पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
खाद्य विभाग की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी है। बालाजी वाटन इंडस्ट्रियल एरिया, नेचुरल स्वीट्स निहारिका, निर्मल डेयरी कुसमुंडा, मां कालिका डेयरी, अपना मार्ट आरएसएस नगर, गीता एजेंसी सीतामणी और फोर सीजन रेस्टोरेंट के खिलाफ भी प्रकरण तैयार कर लिए गए हैं। इन मामलों में जल्द सुनवाई होने वाली है।
इधर प्रशासन ने डिज्नीलैंड मेले का भी औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस डिस्प्ले करने, खाने में हानिकारक रंगों का कम इस्तेमाल करने और पानी की बोतलें एमआरपी से ज्यादा कीमत पर न बेचने के निर्देश दिए गए।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने साफ कर दिया है कि अब मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री बेचने वालों पर प्रशासन सख्त मूड में है। आने वाले दिनों में और भी दुकानों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।


