छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पहली बार दिखा गोल्फ का इतना बड़ा जलवा! 132 खिलाड़ी उतरे मैदान में, कपिल देव भी पहुंचे… CM साय ने लगाया शानदार शॉट

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण; 18 विदेशी गोल्फर भी ले रहे हिस्सा, CM बोले- नवा रायपुर को बनाएंगे देश-दुनिया का बड़ा गोल्फ डेस्टिनेशन

 

रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ अब सिर्फ अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और जनजातीय संस्कृति के लिए ही नहीं, बल्कि खेलों के बड़े आयोजनों के लिए भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। नवा रायपुर में आयोजित हो रहा ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ प्रदेश की खेल यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।

फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव की मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया।

मुख्यमंत्री ने खुद गोल्फ में हाथ आजमाते हुए शानदार शॉट लगाया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देख वहां मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह नजर आया।

132 प्रोफेशनल गोल्फर, 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश और विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर के आयोजन से प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट का फायदा सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहता। इससे स्पोर्ट्स टूरिज्म, स्थानीय अर्थव्यवस्था और युवाओं को भी फायदा मिलता है। देश-दुनिया के बड़े खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर स्थानीय प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक होगा।

CM साय बोले- नवा रायपुर की बनेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुविधाओं और बड़े आयोजनों में हरसंभव सहयोग करेगी।

उन्होंने कहा कि एक समय गोल्फ को सीमित वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसका दायरा तेजी से बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इस खेल की संभावनाएं काफी ज्यादा हैं।

‘पहले फिल्मों में देखते थे गोल्फ, आज खुद टूर्नामेंट करा रहे’

मुख्यमंत्री ने गोल्फ से जुड़ी अपनी पुरानी याद साझा करते हुए कहा कि एक समय लोग गोल्फ को मुख्य रूप से फिल्मों में ही देखते थे। आज छत्तीसगढ़ में इतने बड़े प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट की मेजबानी होना प्रदेश में बदलते खेल वातावरण की तस्वीर है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिलें।

खेलों के लिए लगातार तैयार हो रहा नया माहौल

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सामने संसाधनों और अवसरों की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी।

‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ की भावना के अनुरूप प्रदेश में विभिन्न खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नेशनल ट्राइबल गेम्स के साथ बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।

बस्तर में बदली तस्वीर, खेल के मैदान में दिख रहे युवाओं के सपने

मुख्यमंत्री ने बस्तर में खेल गतिविधियों के बढ़ने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।

बस्तर ओलंपिक में युवाओं की बड़ी भागीदारी को उन्होंने बदलते बस्तर की तस्वीर बताया। उन्होंने कहा कि आज युवा खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और सपनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

खिलाड़ियों को दिया बस्तर और सरगुजा घूमने का न्योता

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के साथ प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति देखने का न्योता दिया।

उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा का उल्लेख किया। खिलाड़ियों से चित्रकोट जलप्रपात सहित बस्तर के प्राकृतिक स्थलों और सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों व संस्कृति को करीब से देखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी छत्तीसगढ़ से लौटते समय सिर्फ टूर्नामेंट की यादें नहीं, बल्कि यहां के लोगों के आत्मीय आतिथ्य और प्रदेश की खूबसूरत यादें भी साथ लेकर जाएं।

कपिल देव बोले- हर साल होना चाहिए टूर्नामेंट

पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोफेशनल टूर्नामेंट खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं।

कपिल देव ने इच्छा जताई कि यह प्रतियोगिता हर साल छत्तीसगढ़ में आयोजित हो और इसकी तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां खिलाड़ियों को मिल रहा आत्मीय आतिथ्य भी इसकी खास पहचान बन रहा है।

दिल्ली-बेंगलुरु-कोलकाता के बाद छत्तीसगढ़ की बारी?

कपिल देव ने विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्रों के रूप में पहचाने जाते हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के बड़े गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।

पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर माहौल और आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेलने वाले कई खिलाड़ी दोबारा छत्तीसगढ़ आने की इच्छा जताते हैं।

गोल्फ से आगे बढ़कर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनने की तैयारी

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ के लिए सिर्फ एक गोल्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स मैप पर मजबूत जगह दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

खेल अधोसंरचना के विस्तार, बड़े टूर्नामेंट और खिलाड़ियों के लिए बढ़ते अवसरों के बीच नवा रायपुर आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई स्पोर्ट्स पहचान बन सकता है।

 

Related Articles

Back to top button