पंडरी मार्केट में हड़कंप! साड़ी और फर्नीचर की बड़ी दुकानों पर GST का छापा, लाखों की गड़बड़ी का शक

रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त व्यापारिक इलाकों में से एक पंडरी मार्केट में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब जीएसटी विभाग की टीमों ने एक साथ कई प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। जानकारी के अनुसार, पंडरी कपड़ा मार्केट की एक बड़ी होलसेल दुकान प्रकाश साड़ी में जीएसटी की टीम ने दस्तक दी और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी।
यही नहीं, पंडरी क्षेत्र की ही एक और बड़ी फर्नीचर दुकान निरंकारी फर्नीचर में भी टीम ने छापा मारा। यहां भी बहीखातों और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की गहराई से जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अधिकारियों की नजर अब उन दुकानों पर भी पड़ रही है जो अब तक कार्रवाई से अछूते रहे थे।
इसके साथ ही संगम होजयारी नामक कपड़ा प्रतिष्ठान और एक बड़े किचन हाउस को लेकर भी रेड की चर्चा तेज है। बाजार में अफवाह है कि कई नामी दुकानों पर कर चोरी से जुड़ी अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, लेकिन जीएसटी विभाग ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने पुष्टि की है कि जांच अभी जारी है और दुकानदारों में भारी तनाव का माहौल है। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाइयों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।



