छत्तीसगढ़

कॉमनवेल्थ में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल! रजत पदक जीतते ही CM साय ने किया वीडियो कॉल, कही दिल जीत लेने वाली बात

53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में सिल्वर जीतकर ज्ञानेश्वरी यादव ने बढ़ाया देश का मान, मुख्यमंत्री बोले— ‘आपकी मेहनत पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा’

रायपुर: कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव से आत्मीय बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

वीडियो कॉल पर दी बधाई, कहा— ‘देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता को वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत का सम्मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।

‘रवाना होने से पहले भी मिला था, अब सफलता पर गर्व है’

मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनकी ज्ञानेश्वरी से मुलाकात हुई थी और अब उनकी सफलता पर दोबारा बात करके बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं लगातार विश्व मंच पर देश का नाम रोशन करती रहें।

ज्ञानेश्वरी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का प्यार उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा देता है।

खेल और सेवा— दोनों में बनीं मिसाल

राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। खेल और सेवा— दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ दोनों का गौरव विश्व मंच पर बढ़ाया है।

Related Articles

Back to top button