देश

PM मोदी ने कुरुक्षेत्र को दी ₹617 करोड़ की सौगात! देश के अनोखे एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म का उद्घाटन, बनेगा भव्य सिख म्यूजियम

हरियाणा को मिली दो बड़ी विकास परियोजनाएं, 447 करोड़ का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और 170 करोड़ का अत्याधुनिक सिख म्यूजियम पर्यटन व यातायात को देंगे नई रफ्तार।

 


कुरुक्षेत्र।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दौरे के दौरान शुक्रवार को कुरुक्षेत्र को 617 करोड़ रुपये की दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ ही कुरुक्षेत्र के लिए 447 करोड़ रुपये की एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना का लोकार्पण और 170 करोड़ रुपये के भव्य सिख म्यूजियम का ऑनलाइन शिलान्यास किया।

इस अवसर पर कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहे।

170 करोड़ में बनेगा हरियाणा का पहला सिख म्यूजियम

दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 स्थित उमरी रोड के पास करीब 5 एकड़ भूमि पर हरियाणा का पहला आधुनिक सिख म्यूजियम बनाया जाएगा। लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह संग्रहालय अपनी अनूठी वास्तुकला के लिए भी खास होगा।

म्यूजियम की छत पर स्टील से बना विशाल पगड़ी आकार का ढांचा बनाया जाएगा, जबकि परिसर के मध्य में 15 मीटर ऊंचा घूमता हुआ ‘खंडा साहिब’ आकर्षण का केंद्र होगा।

यहां गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, शिक्षाओं और बलिदानों को 3D गैलरी, डिजिटल तकनीक, ऑडियो-वीडियो शो और इंटरैक्टिव माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा रिसर्च सेंटर, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, ओपन एयर थिएटर और म्यूजिकल फाउंटेन जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस परियोजना को पूरा होने में लगभग तीन वर्ष लगने का अनुमान है।

447 करोड़ का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक हुआ शुरू

प्रधानमंत्री ने 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी औपचारिक उद्घाटन किया। इस ट्रैक पर ट्रेनों का ट्रायल पहले ही शुरू हो चुका था, जबकि अब इसे नियमित संचालन के लिए समर्पित कर दिया गया है।

इस परियोजना के शुरू होने से शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटक—झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, एलएनजेपी अस्पताल के सामने और थर्ड गेट फाटक—स्थायी रूप से बंद हो गए हैं। इससे वर्षों से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

देश का अनोखा एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म

यह परियोजना तकनीकी रूप से भी बेहद खास मानी जा रही है। रोहतक के बाद यह हरियाणा का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक है, लेकिन कुरुक्षेत्र में प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म बनाया गया है। लगभग 600 मीटर लंबे इस प्लेटफॉर्म को राज्य की अनूठी रेलवे परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है।

हालांकि, स्टेशन भवन और टिकट काउंटर से जुड़े कुछ अंतिम कार्य अभी शेष हैं, जिन्हें जल्द पूरा किए जाने की तैयारी है।

पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा

इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से कुरुक्षेत्र में पर्यटन, धार्मिक महत्व और यातायात व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है। एलिवेटेड ट्रैक जहां शहर को जाम से राहत देगा, वहीं आधुनिक सिख म्यूजियम देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और शोधकर्ताओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button