छत्तीसगढ़

जिन हाथों में कभी हथियार थे, आज वही लिख रहे नई जिंदगी की कहानी… पुनर्वास केंद्र पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

आत्मसमर्पित महिलाओं से किया सीधा संवाद, पुनर्वास नीति को बताया सम्मान, आत्मनिर्भरता और नई शुरुआत का मजबूत आधार

रायपुर, 28 जून 2026। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने एक दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान नक्सल पुनर्वास केंद्र पहुंचकर आत्मसमर्पित महिला नक्सलियों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी वर्तमान स्थिति, पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ नई जिंदगी की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संवाद के दौरान आत्मसमर्पित महिलाओं ने छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति की सराहना करते हुए बताया कि नक्सल संगठन में बिताया गया जीवन भय, हिंसा और गुमराह करने वाली विचारधारा से घिरा हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौटने के बाद उन्हें सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिला है। शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की बदौलत वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन, रोजगार और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि पुनर्वास नीति का उद्देश्य केवल आत्मसमर्पण कराना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज के विकास में सहभागी बनाना है।

उन्होंने कहा कि आज कई पूर्व नक्सली विभिन्न सरकारी दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं या सामान्य नागरिक के रूप में सफल जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जो पुनर्वास नीति की सफलता का प्रमाण है। मंत्री ने उपस्थित महिलाओं से कहा कि वे आत्मविश्वास बनाए रखें, अपने कौशल को विकसित करें और नई पहचान के साथ समाज में आगे बढ़ें।

श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार पुनर्वास, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से आत्मसमर्पित नक्सलियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि वे हिंसा की राह छोड़कर विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, नगर पालिका के पार्षदगण, जिला पंचायत सीईओ सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम श्री अभयजीत मंडावी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button