छत्तीसगढ़

मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी, लेकिन अभी राहत नहीं! अगले 4 दिन इन इलाकों में बारिश का अलर्ट

दो दिन की झमाझम बारिश के बाद बढ़ी उमस, मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की जताई संभावना।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश थमने से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका गंगानगर, रोहतक, मध्य उत्तर प्रदेश, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए मिजोरम तक बनी हुई है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया है कि शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button