छत्तीसगढ़

“अब नहीं लौटूंगा मां…” कॉल कटते ही इंद्रावती में कूद गया 19 साल का युवक

नए पुल से लगाई छलांग, रातभर चला सर्च ऑपरेशन… सुबह नदी से मिला शव

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित नए पुल से 19 वर्षीय युवक ने इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी। सुसाइड से पहले उसने अपनी मां को फोन कर कहा— “अलविदा… जा रहा हूं, अब नहीं लौटूंगा” — और कॉल काट दी।

मामला इंद्रावती नदी पर बने नए पुल का है, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है।


📞 एक फोन कॉल… और सब खत्म

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान तरुण दास (19) के रूप में हुई है। मंगलवार रात उसने अपनी मां को फोन कर कहीं जाने और वापस न लौटने की बात कही। घबराई मां ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

उसी समय पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी है। मौके पर पहुंची पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को पुल के पास युवक की चप्पल और मोबाइल फोन मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी नदी में कूदने की पुष्टि की।


🌑 अंधेरे में तलाश, सुबह मिला शव

रात अधिक होने और अंधेरे के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, फिर भी देर रात तक तलाश जारी रही। बुधवार सुबह दोबारा खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


👮‍♀️ पुलिस परिवार से था ताल्लुक

बताया गया कि तरुण की मां सीएसपी कार्यालय में पदस्थ महिला आरक्षक हैं, जबकि पिता पुलिस विभाग में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों कई वर्षों से अलग रह रहे थे। तरुण चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।

फिलहाल सुसाइड के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button