
राजनांदगांव: जिले में अवैध खनन का एक ऐसा खेल सामने आया है, जो लंबे समय से चुपचाप जमीन के नीचे चल रहा था। लेकिन जैसे ही प्रशासन की नजर पड़ी, अचानक हुई कार्रवाई ने पूरे नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने जिले के कई गांवों में एक साथ छापेमारी की। भर्रेगांव, खुटेरी, रवेली, कोटरासरार, अर्जुनी, भोथली और बाघमार समेत आसपास के इलाकों में चलाए गए इस अभियान में अवैध उत्खनन और परिवहन के कई चौंकाने वाले मामले सामने आए।
छापे में पकड़ा गया खेल
जांच के दौरान टीम ने पाया कि मुरूम और मिट्टी का अवैध उत्खनन कर उसे बिना अनुमति परिवहन किया जा रहा था। इसी कार्रवाई में ग्राम खुटेरी निवासी गोविन्द साहू की हाईवा (सीजी 07 बीएम 2500) को जब्त किया गया, जिसे सिकोला निवासी चालक टोमन यादव चला रहा था। वाहन में अवैध रूप से खनिज भरकर ले जाया जा रहा था।
जेसीबी भी आई गिरफ्त में
सिर्फ परिवहन ही नहीं, बल्कि उत्खनन के लिए इस्तेमाल हो रही मशीनरी पर भी कार्रवाई की गई। ग्राम देवरी निवासी रूपेश साहू की जेसीबी (सीजी 24 यू 4031) को जब्त किया गया, जिसे केंवट नवागांव निवासी मोहित कुमार अवैध खुदाई में उपयोग कर रहा था।
थाने में जमा, आगे होगी सख्त कार्रवाई
जब्त किए गए दोनों वाहनों को थाना सोमनी के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरे मामले में खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अभी और खुल सकते हैं राज
खनिज विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी।
इस अचानक हुई कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि जमीन के नीचे चल रहा यह काला खेल अब ज्यादा दिनों तक छिपा नहीं रह पाएगा। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।


