
महासमुंद। हाईवे पर दौड़ रहे दो ट्रकों की टोल जांच के दौरान ऐसा खुलासा हुआ, जिसने करोड़ों रुपये के अवैध खनिज कारोबार की परतें खोल दीं। पुलिस ने जांच के दौरान स्पंज आयरन के अवैध परिवहन का बड़ा मामला पकड़ते हुए दो ट्रकों को जब्त किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क करीब 106 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध कारोबार से जुड़ा हो सकता है।
टोल जांच में पकड़ा गया खेल
पुलिस के मुताबिक 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक CG 04 JC 4585 और CG 07 AV 5290 के जरिए अवैध रूप से स्पंज आयरन का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने टोल जांच के दौरान दोनों ट्रकों को रोककर ड्राइवर सोनूलाल मोंगरे और रामेश्वर मानिकपुरी से दस्तावेज मांगे।
नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज
जांच के दौरान ड्राइवर स्पंज आयरन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने माल को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया।
फर्जी बिल से खपाया जाता था माल
आगे की जांच में पता चला कि रंजीत सिंह (45) निवासी लोहराचट्टी, थाना सोहेला, जिला बरगढ़ (ओडिशा) चोरी किए गए स्पंज आयरन को अवैध रूप से भंडारित कर फर्जी बिलों के जरिए अलग-अलग कंपनियों में खपाता था।
हवाला लेन-देन के भी मिले संकेत
पुलिस को जांच में करोड़ों रुपये के हवाला लेन-देन के भी सबूत मिलने की जानकारी सामने आई है। इस पूरे मामले में कई कंपनियां और अन्य लोग भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार
फिलहाल पुलिस ने सोनूलाल मोंगरे, रामेश्वर मानिकपुरी और रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 316(4), 317(2), 336(2), 338, 340, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस पूरे करोड़ों रुपये के अवैध मिनरल नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

