चलती बस बनी आग का गोला! खरोरा के पास मची चीख-पुकार, सेकंडों में लिया गया फैसला और टल गया बड़ा हादसा
बलौदाबाजार–रायपुर रूट पर यात्री बस में अचानक लगी भीषण आग, ड्राइवर-कंडक्टर की सूझबूझ से बची दर्जनों जानें

रायपुर।
बलौदाबाजार से रायपुर आ रही एक यात्री बस उस वक्त मौत का गोला बन गई, जब खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास उसमें अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते बस से उठती लपटों ने यात्रियों में हड़कंप मचा दिया और कुछ ही पलों में बस धू-धू कर जलने लगी।
बस में आग लगते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने सेकंडों में फैसला लिया और बिना घबराए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। उनकी इसी सूझबूझ ने एक बड़े और जानलेवा हादसे को टाल दिया।
लपटें बढ़ीं, धुआं उठा… फिर बस जलकर खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई। चारों ओर धुआं फैल गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई भी यात्री आग की चपेट में नहीं आया और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
आग की वजह अब भी रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
कुछ देर के लिए थमा ट्रैफिक, फिर बहाल हुआ मार्ग
बस में आग लगने की वजह से कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते हालात काबू में आने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।
👉 अगर ड्राइवर और कंडक्टर ने जरा भी देर की होती, तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी।
