देश

India Pak war: भारत के जवाबी हमलों से पाकिस्तान के शहरों में मची खलबली, यहां समझें कि पिछले 12 घंटों में क्या-क्या हुआ

ई दिल्‍ली। भारत द्वारा बुधवार को पाकिस्‍तान के खिलाफ शुरु किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद, गुरुवार रात पाकिस्तान ने भारत पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। इस हमले में जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के कई इलाकों को निशाना बनाया गया।

भारत के एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम, एस-400 और आकाश, ने इन हमलों को असफल कर दिया। भारत की ओर से बताया गया है कि पाकिस्तान के तीन लड़ाकू विमान, जिनमें दो जेएफ-17 और एक एफ-16 शामिल थे, भारत की सीमा के पास आते ही गिरा दिए गए। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत इस्लामाबाद, कराची, लाहौर और सियालकोट पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, जिससे वहां बड़ा नुकसान हुआ है।

सेना और नौसेना ने मिलकर पाक को घेरा
हमले के तुरंत बाद, भारत की तीनों सेनाओं के प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) की आपात बैठक हुई, जहां आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। भारतीय नौसेना ने अपने सबसे बड़े जहाज, INS विक्रांत, से कराची और ओरमारा के बंदरगाहों पर मिसाइलें दागीं। इससे बड़ी आग लग गई और तबाही का माहौल बन गया। भारत ने पाकिस्तान के निगरानी वाले अवॉक्स विमान को भी मार गिराया। इसके जवाब में, पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फायरिंग और शेलिंग बढ़ा दी है। भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि अगर वे और उकसाएंगे, तो उन्हें और भी कड़ा जवाब दिया जाएगा।

सुरक्षा को देखते हुए उठाए गए कई कदम
पाकिस्‍तान की ओर से गोलीबारी के इस माहौल में सुरक्षा को देखते हुए, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के कुछ शहरों में ब्लैकआउट किया गया है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 9 और 10 मई को सभी शिक्षा संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। राजस्थान सरकार ने सीमावर्ती जिलों को 5 करोड़ रुपये की आपात सहायता प्रदान करने की बात कही है और सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अमेरिका ने इस स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है और दोनों देशों से बातचीत बनाए रखने की अपील की है। इस मुद्दे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच भी चर्चा हुई है।

Related Articles

Back to top button