
रायगढ़। जिले में गौवंश संरक्षण और मवेशी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
थाना लैलूंगा पुलिस ने घेराबंदी कर ओडिशा बूचड़खाने ले जाए जा रहे 16 गौवंश को मुक्त कराया और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है।
🔎 ऐसे मिली सूचना, ऐसे हुई घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमापाली से झगरपुर मार्ग होते हुए मवेशियों को ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने ग्राम झगरपुर के पास मेन रोड पर घेराबंदी की।
जांच के दौरान एक युवक मवेशियों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम देवानंद यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम आमापाली, थाना लैलूंगा बताया।
📑 नहीं दिखा पाया दस्तावेज, कबूला जुर्म
आरोपी के कब्जे से 16 नग कृषक धन गौवंश बरामद किए गए। परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह रब्बुल (राहुल) खान नामक व्यक्ति के साथ मिलकर मवेशियों को ओडिशा बूचड़खाने ले जा रहा था।
🐄 गौवंश को भेजा गया गौशाला
बरामद 16 गौवंश का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया। उनके चारा-पानी की समुचित व्यवस्था के लिए उन्हें सलखिया गौशाला भेज दिया गया है।
⚖️ इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परीक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
देवानंद यादव, निवासी ग्राम आमापाली, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
फरार आरोपी रब्बुल (राहुल) खान की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

