दिल्ली में दोस्ती, फिर करोड़ों का जाल और बंद कमरे का काला राज! भाजपा नेत्री ने कारोबारी पर लगाए रेप और ब्लैकमेलिंग के सनसनीखेज आरोप
माइनिंग में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर बढ़ाई नजदीकियां, 2.5 करोड़ लेने के बाद शुरू हुआ धमकियों का खेल

बिलासपुर। बिलासपुर की एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के कारोबारी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। महिला का दावा है कि आरोपी ने पहले माइनिंग कारोबार में निवेश के नाम पर भरोसा जीता, फिर नजदीकियां बढ़ाकर दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, बाद में करोड़ों रुपए लेने के बाद उल्टा उसे ही ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने लगा।
मामला सामने आने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी झारखंड के रांची का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली है और भाजपा से टिकट की दावेदारी भी कर चुकी है। महिला ने पुलिस को बताया कि दिल्ली आने-जाने के दौरान करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात संजय सिंह से हुई थी। आरोपी खुद को बड़ा कारोबारी बताकर महिला को माइनिंग सेक्टर में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच देता था।
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कारोबारी ने साझेदारी के नाम पर महिला से निवेश करवाना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि घटना के बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा और पैसों की मांग करने लगा। भाजपा नेत्री के मुताबिक कारोबारी ने किश्तों में उससे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। रकम आरटीजीएस समेत अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर की गई थी। आरोपी नकद निवेश और बड़े रिटर्न का झांसा देता रहा, लेकिन जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो वह धमकाने और दबाव बनाने लगा।
लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आखिरकार महिला ने पुलिस का सहारा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


