छत्तीसगढ़

Mahasamund News: महासमुंद को मिली विकास की बड़ी सौगात, नए बस स्टैंड से नगर पालिका भवन तक करोड़ों के कामों का ऐलान

CG News: डिप्टी CM अरुण साव ने 31.60 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नगर पालिका कार्यालय के लिए 3.50 करोड़ की घोषणा

महासमुंद, : महासमुंद शहर के विकास को लेकर शनिवार को कई बड़ी घोषणाएं हुईं। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए नए बस स्टैंड और नगर पालिका के नए कार्यालय भवन को लेकर भी करोड़ों रुपये की घोषणा की।

नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़, पालिका भवन को 3.50 करोड़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया।

इन घोषणाओं से शहर में सार्वजनिक सुविधाओं और नगरीय प्रशासन से जुड़ी अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

‘सभी शहर स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनें’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के सभी शहर स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनें।

उन्होंने बताया कि राज्य के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार मिल चुके हैं। सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

अरुण साव ने कहा कि युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

12,666 करोड़ के पुल-पुलिया कार्य स्वीकृत

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12,666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है। वहीं महासमुंद जिले में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों और अन्य अधोसंरचना के विकास को तेजी दी जा रही है। महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

महासमुंद को नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य

अरुण साव ने कहा कि आने वाले समय में महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। उन्होंने नागरिकों से शहर की स्वच्छता और विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि शहर का मान-सम्मान और गौरव उसका अपना सम्मान और गौरव है।

विधायक ने रखी रिंग रोड और नए बस स्टैंड की मांग

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है।

उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है। नहर लिंकिंग रोड को मंजूरी मिल चुकी है और सड़कों के कार्यों के टेंडर भी जारी हो चुके हैं। वहीं सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है और सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है।

विधायक ने शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही नए बस स्टैंड और नए नगर पालिका कार्यालय भवन की मांग भी उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

नगर निगम बनाने की भी उठी मांग

नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने महासमुंद को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग रखी।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

महासमुंद में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के भूमिपूजन और नए बस स्टैंड व नगर पालिका भवन के लिए हुई घोषणाओं से शहर में नगरीय सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button