ड्राइवर बनकर कर रहा था ‘नशे का खेल’! ट्रांसपोर्ट के बाहर खड़े ट्रेलर से अफीम-डोडा बरामद, पुलिस के उड़ गए होश
आमानाका में बड़ी कार्रवाई, पंजाब कनेक्शन आया सामने… अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर चालक को अफीम और डोडा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ड्राइवर के वेश में मादक पदार्थों की सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसका पूरा खेल बिगाड़ दिया।
मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने खड़े ट्रेलर वाहन क्रमांक पीबी 05 एबी 9313 के चालक के पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ मौजूद है और वह इसकी बिक्री करने की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देशन में एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी देवांश राठौर और आमानाका थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ट्रेलर को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह बताया, जो मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के कबीर नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस ने जब ट्रेलर की तलाशी ली तो वाहन के भीतर अफीम और डोडा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था। जांच में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

