छत्तीसगढ़

72 किलो गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा! MP से दबोचे गए फरार आरोपी, अब पूरा गिरोह पुलिस की गिरफ्त में

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 लाख से ज्यादा के गांजा मामले में सभी 7 आरोपी गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में करोड़ों के मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। 72.621 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को मध्यप्रदेश के रायसेन और भोपाल से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में शामिल सभी सात आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

9 जून को पकड़ी गई थी 72 किलो से ज्यादा गांजा की खेप

पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को साइबर सेल और डौंडीलोहारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई की थी।

उस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 72.621 किलोग्राम गांजा, चार बाइक और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। जब्त गांजे की कीमत करीब 36.31 लाख रुपये, जबकि अन्य सामान सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 40.52 लाख रुपये आंकी गई थी।

मध्यप्रदेश में छिपे थे फरार आरोपी

कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, साइबर एनालिसिस और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर उनकी तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मध्यप्रदेश में छिपे हुए हैं। इसके बाद विशेष टीम ने रायसेन और भोपाल में दबिश देकर सतनाम गोड़ (31) और भगवान सिंह बंजारा उर्फ भग्गु (21) को गिरफ्तार कर लिया।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उन्हें बालोद लाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की गई है।

‘मिशन नवचेतना’ के तहत जारी है अभियान

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि जिले में ‘मिशन नवचेतना’ के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।

 

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button