छत्तीसगढ़

रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में सोती रहीं महिलाएं…सुबह खुली आंखें तो उड़ गए होश! CCTV में कैद हुआ ‘रहस्यमयी’ शख्स, फिर जो हुआ…

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर आधी रात की वारदात, RPF ने कुछ ही घंटों में शातिर चोर को दबोचा, चोरी के मोबाइल-टैबलेट बरामद

राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में आधी रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। चार महिला यात्री गहरी नींद में थीं और उनके कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चार्जिंग पर लगे थे। लेकिन जब सुबह उनकी आंख खुली तो बैग और गैजेट गायब थे।

मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) हरकत में आ गया और कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

रात 12:30 बजे चार्जिंग पर लगाए थे गैजेट

जानकारी के अनुसार घटना 15 मार्च की सुबह प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित नए वेटिंग रूम की है। यहां चार महिला यात्री आराम कर रही थीं। पीड़ित महिलाओं ने आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू को बताया कि रात करीब 12:30 बजे उन्होंने अपने दो टैबलेट और एक Realme C25Y मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था।

उन्होंने अपने सामान के साथ गुलाबी रंग का हैंड बैग पास में रख दिया और सो गईं। लेकिन सुबह करीब 06:00 बजे जब उनकी नींद खुली तो उनका बैग और इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब था।

CCTV में दिखा संदिग्ध युवक

शिकायत मिलते ही मंडल सुरक्षा आयुक्त (नागपुर) दीप चंद्र आर्य के निर्देश पर आरपीएफ टीम तुरंत सक्रिय हो गई। सउनि डी.एल. दावना और आरक्षक संजय चौहान ने स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले।

फुटेज में सुबह 04:21 बजे एक संदिग्ध युवक वेटिंग हॉल के आसपास घूमता दिखाई दिया, जिसके बाद टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।

प्लेटफार्म की सीढ़ियों के नीचे छिपा मिला आरोपी

आरपीएफ ने संदिग्ध युवक को प्लेटफार्म नंबर-2 की सीढ़ियों के नीचे से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश विजयकर (26) निवासी बडनेरा, महाराष्ट्र बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल की पहचान पीड़िता सरिता नरेंद्र डहात ने उसका लॉक पैटर्न खोलकर की।

पिलर के पास छिपाकर रखे थे टैबलेट

आरोपी की निशानदेही पर आरपीएफ टीम ने प्लेटफार्म नंबर-2 के पिलर के पास छिपाए गए दोनों टैबलेट और गुलाबी हैंड बैग भी बरामद कर लिए।

आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button