छत्तीसगढ़

क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के बहाने लूट गए लाखों! इंटीरियर डिजाइनर बना साइबर ठगी का शिकार

भिलाई में स्कैमर्स ने बैंक अधिकारी बनकर दिए झांसे, मिनटों में खाते से उड़ाए ₹1.97 लाख, अब पुलिस कर रही जांच।

दुर्ग। भिलाई में रहने वाले एक इंटीरियर डिजाइनर साइबर अपराधियों के शिकार बन गए। ठगों ने खुद को कोटक महिंद्रा बैंक का अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया और मिनटों में उनके खाते से लगभग 2 लाख रुपये गायब हो गए। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

पीड़ित का नाम अजय मित्रा (45 वर्ष) है, जो नेहरू नगर के रहने वाले हैं। अजय ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका खाता कोटक महिंद्रा बैंक सुपेला शाखा में है। 10 सितंबर की शाम उनके मोबाइल पर बैंक के नाम से एक व्हाट्सएप लिंक आया। इसमें 2,11,000 रुपये के प्री-अप्रूव्ड क्रेडिट कार्ड का ऑफर दिखाया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद अजय को कार्ड अप्रूवल से जुड़े मैसेज आने लगे।

14 सितंबर की शाम एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड बन चुका है और उसकी लिमिट बढ़ाने के लिए कुछ जानकारी जरूरी है। बातचीत के दौरान शख्स ने अजय से कार्ड नंबर के अंक और ओटीपी हासिल कर लिया। अजय को भनक तक नहीं लगी और दो बार में उनके खाते से 98,956 + 98,956 = ₹1,97,912 की रकम साफ हो गई।

जब तक अजय को ठगी का अहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उन्होंने तुरंत साइबर टोलफ्री नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद थाने पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सुपेला पुलिस के अनुसार, मामला बीएनएस की धारा 318(4) के तहत दर्ज किया गया है और साइबर ठगों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button