छत्तीसगढ़

कभी गोलियों से गूंजता था ये इलाका, अब बच्चों से कहा गया- बड़े सपने देखो… आखिर नारायणपुर में क्या बदल रहा है?

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विद्यार्थियों से किया संवाद, कहा- नक्सल मुक्त नारायणपुर अब विकास, शिक्षा और नई उम्मीदों की राह पर तेजी से बढ़ रहा है

रायपुर, 28 जून 2026। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम में आयोजित छात्र-छात्राओं के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में कहा कि नक्सल मुक्त नारायणपुर अब विकास की नई पहचान गढ़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से जिले में विकास का नया दौर शुरू हुआ है और अब शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अभी से अपना लक्ष्य तय करने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली कठिनाइयों और चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से नहीं भटकते।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए मजबूत संकल्प और लगातार प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय रखने वाले युवा ही विकसित समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि माओवाद से मुक्ति पूरे बस्तर अंचल और देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित अभियानों के परिणामस्वरूप बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बना है। इसका असर अब नारायणपुर सहित पूरे बस्तर संभाग में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और आजीविका के क्षेत्र में तेजी से दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री लुपेन्द्र महिनाग, रामकृष्ण मिशन आश्रम के प्राचार्य श्री भवन्तकानंद, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button