छत्तीसगढ़

राजनीतिक घराने में मातम… पूर्व विधायक के बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर के अंदर क्या हुआ कोई नहीं जानता

45 वर्षीय जय साहू ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट नहीं मिलने से रहस्य गहराया, घरेलू विवाद की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पूर्व विधायक धनीराम साहू के पुत्र जय साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक हलकों में भी शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय जय साहू अपने घर में ही फंदे पर लटके पाए गए। सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके।

जय साहू के पिता धनीराम साहू छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम रहे हैं। वर्ष 1977 में वे जनता पार्टी के टिकट पर कसडोल विधानसभा से विधायक चुने गए थे। बाद में उन्हें तत्कालीन मध्यप्रदेश सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा भी मिला था।

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर एक राजनीतिक परिवार के भीतर ऐसा क्या तनाव था, जो इस दर्दनाक कदम तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button