छत्तीसगढ़

रायपुर में शुरू हुआ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान, छात्राओं को खिलाई गई एल्बेन्डाजॉल की गोली

Raipur News: रायपुर के शासकीय दानी गर्ल्स स्कूल में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया गया। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील सोनी ने अभियान की शुरुआत करते हुए छात्राओं को कृमिनाशक एल्बेन्डाजॉल की गोली खिलाई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक सुनील सोनी ने बच्चों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हर छह महीने में कृमिनाशक दवा का सेवन किया जाना चाहिए।

छात्राओं को दी गई दवा सेवन की जानकारी

अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को एल्बेन्डाजॉल दवा के सेवन की सही विधि के बारे में जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों को दवा लेने के बाद होने वाले सामान्य दुष्प्रभावों और जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं को कृमिनाशक दवा खिलाई गई।

स्वच्छता को लेकर किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए नियमित कृमिनाशक दवा के साथ स्वच्छता भी बेहद जरूरी है।

ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. भेनूज सिन्हा, दानी गर्ल्स स्कूल के प्राचार्य डॉ. हितेष दीवान, प्रधान पाठक कांति चंद्राकर, शिक्षिका ज्योति सक्सेना और मीनू पाण्डेय समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा शहरी कार्यक्रम प्रबंधक अशोक कुमार सिंह, अनुराग गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी गजेन्द्र डोंगरे, एएनएम और मितानिन स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button