बीजापुर में नक्सलियों की दरिंदगी! जंगल में मशरूम बीन रहे तीन ग्रामीण प्रेशर IED की चपेट में, 16 साल की बच्ची भी घायल
फुटु बीनने गए थे धनगोल गांव के ग्रामीण, माओवादियों का घातक जाल बना जानलेवा; प्रशासन ने दी सतर्क रहने की अपील

बीजापुर, 14 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों की कायराना करतूत एक बार फिर सामने आई है। थाना मद्देड़ के धनगोल गांव के जंगलों में रविवार की शाम प्रेशर IED विस्फोट की चपेट में आने से एक किशोरी सहित तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी लोग जंगल में मशरूम (फुटु) बीनने गए थे।
कैसे हुआ हादसा?
ग्रामीणों के अनुसार, माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बिछाए गए प्रेशर IED में अचानक धमाका हुआ, जिससे तीनों घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल ग्रामीणों की पहचान:
-
कविता कुड़ियम (16 वर्ष) – पिता नागैया
-
कोरसे संतोष (26 वर्ष) – पिता लच्छा
-
चिड़ेम कन्हैया (24 वर्ष) – पिता किस्टैया
तीनों निवासी: ग्राम धनगोल, थाना मद्देड़, जिला बीजापुर
विस्फोट में पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है।
प्रशासन की अपील:
प्रशासन ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे जंगल में भ्रमण करते समय अत्यधिक सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या सुरक्षा बलों को दें। माओवादी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए आम नागरिकों की जान से भी खिलवाड़ कर रहे हैं, जो उनकी निर्ममता और अमानवीय सोच को दर्शाता है।

